अमरोहा। भतीजी के लग्न समारोह से लौट रहे बाइक सवार सहायक अध्यापक विशेष (43) की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उनके ताऊ कलुआ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। कार के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मृतक विशेष अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के चक्काली लेट गांव के रहने वाले थे। परिवार में इकलौते विशेष शाहजहांपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी बबली के अलावा दो बेटे पीयूष और प्रवीन भी हैं। परिजनों के मुताबिक 17 अप्रैल को विशेष की भतीजी का लग्न समारोह था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद विशेष बाइक से घर लौट रहे थे। साथ में उनके ताऊ कलुआ सिंह भी थे। जैसे ही उनकी बाइक गिल पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विशेष बाइक से उछलकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गए। हादसे में विशेष और उनके ताऊ कलुआ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से विशेष कुमार को गंभीर अवस्था में मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान विशेष की मौत हो गई। जबकि कलुआ सिंह का इलाज चल रहा है। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मामले में मृतक विशेष के साले नौ सिंह की तहरीर पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।