Amroha : मंगेतर से किया दुष्कर्म, बरात स्पोर्ट लेकर नहीं पहुंचा आरोपी
रिश्ता तय होने के बाद भी दुल्हन के घर बरात नहीं पहुंची। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मंगेतर समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी किसान का परिवार 27 फरवरी 2022 को मुरादाबाद जनपद के दलपतपुर गांव में शादी समारोह में गया था। वहां किसान की बेटी की मुलाकात उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के बाबरखेड़ा गांव निवासी मोहम्मद मुकीम से हुई। मोहम्मद मुकीम रेलवे कर्मचारी है। आरोप है कि समारोह में ही मोहम्मद मुकीम ने किसान की बेटी को पसंद कर लिया और उससे शादी करने की बात कही। आरोप है कि 20 मार्च 2022 को किसान का परिवार खेत पर गया था।
तभी मुकीम घर आया और शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया। बाद में दोनों पक्ष शादी करने को तैयार हो गए। 22 जनवरी 2023 को मुकीम और उसके परिवार वालों ने युवती की गोद भराई की रस्म पूरी की। 15 अक्टूबर 2023 को मंगनी हो गई। छह फरवरी 2024 को शादी थी लेकिन बरात लाने से एक दिन पहले मुकीम और उसके परिवार वालों ने दहेज में कार और 10 लाख रुपये की मांग की।
युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने बरात लाने से इनकार कर दिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोहम्मद मुकीम, मोहम्मद मोमिन, रूबी, नदीम, फरदीन, मोहम्मद यासीन और शबनम निवासी बाबरखेड़ा जनपद उधम सिंह नगर उत्तराखंड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।